January 24, 2014

पाश्विकता की सीमा

 पश्चिम बंगाल के सिंहभूम जिले में 20वर्षीय लड़की को प्रेम प्रसंग होने की वजह से दंडित करते हुए वहां कि खाप पंचायत के 12 सदस्यों ने उस लड़की के साथ बलात्कार किया। बर्बरता और पाश्विकता की सभी हदें तोड़ता  खाप पंचायतों का यह कृत्य इस बात को परिलक्षित करता है कि कैसे महिला सशक्तीकरण के तमाम दावें करती यह व्यवस्था आज भी खाप पंचायतों को पनपने दे रही है और महिलाओं को इसका शिकार बनने पर मजबूर कर रही है। बालिग होने और प्रेम कर सकने के जनवादी अधिकार की बात तो बहुत दूर की है महिलाओं के साथ मानवीय व्यवहार की उम्मीद भी इस घटना के बाद खत्म हो जाती है।
मुनाफे पर टिके इस समाज में भले ही राज व्यवयस्था ने मुनाफे की बढ़ोत्तरी के लिए महिलाओं को घरों से निकाल दिया है लेकिन मूल्यों के स्तर पर आज भी यह व्यवस्था महिलाओं के लिए वही सड़ी-गली मान्यताओं को बनाकर रखे हुए है। खाप पंचायतों का इस तरह से खुले-आम हत्याएं करने और महिलाओं के जनवादी अधिकारों का हनन करने के बावजूद बने रहना यह साफ दिखाता है कि यह व्यवस्था उनको पनपने का मौका दे रही है।
प्रगतिशील महिला एकता केंद्र इस घटना की भर्तस्ना करता है और सभी महिलाओं का आह्ववान करता है कि वह आगे आकर एकजुट हों और महिलाओं के साथ हो रहे इस अत्याचार और शोषण के विरुद्ध संघर्ष की धार को तेज करें।

इंकलाब जिंदाबाद!

January 20, 2014

"आप" पार्टी के मंत्री की खुली गुंडागर्दी

खुद को आम आदमी की सरकार बताती केजरीवाल एंड कंपनी भले ही अभी तक जनता को किए गए वादों को पूरा करना तो दूर अपनी तथाकथित जनता दरबार से निकल भागने और डींगे हांकने के अलावा कुछ और न कर पाई हो लेकिंन उनके मंत्रियों ने अपना शक्ति प्रदर्शन शुरु कर दिया है।
नैतिकता के ठेकेदार बने आप पार्टी के कानून मंत्री सोमनाथ भारती ने पिछले दिनों आधी रात को कुछ अफ्रीकी महिलाओं पर वेश्यावृत्ति और नशाखोरी का आरोप लगाते हुए सादी वर्दी में आई पुलिस द्वारा महिलाओं की पिटाई करवाई और डाक्टरी जांच के लिए सार्वजनिक तौर पर पेशाब करने को मजबूर किया। सोमनाथ भारती ने उन महिलाओं पर नस्लीय टिप्पणियां भी कीं। यही नहीं एम्स में इन महिलाओं की जांच के दौरान सोमनाथ भारती खुद वहां पर मौजूद रहे।
दिल्ली सचिवालय के बाहर इस भीषण ठंड में बैठे गेस्ट शिक्षकों की शिकायतों को सुनने का आप पार्टी की सरकार के पास भले ही समय न हो किंतु उनके मंत्रियों के पास इस तरह की नीचतापूर्ण और घृणित कार्य करने के लिए पूरा समय भी और अवसर भी है। अपने खोखले वादों और डींगों के दम पर गठित इस सरकार की पोल अब धीरे-धीरे जनता के सामने खुल रही है। खुद को सबसे ईमानदार राजनीतिज्ञ घोषित करने वाले ये जनता के ठेकेदार अपने इन घृणित कृत्यों से खुद ही जनता के सामने बेनकाब हो रहे हैं।
प्रगतिशील महिला एकता केंद्र मांग करता है कि सोमनाथ भारती तत्काल मंत्री पद से हटाया जाए और इन महिलाओं के साथ की गई बदसलूकी और उत्पीड़न के लिए उन्हें दंडित किया जाए।
Template developed by Confluent Forms LLC; more resources at BlogXpertise